सानिया बनी बीडीओ, लवी को थानेदार की जिम्मेदारी
हल्दौर। सीडी इंटर कॉलेज की इंटरमीडिएट की छात्रा सानिया परवीन बीडीओ और लवी ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी का कार्यभार संभाला। दोनों ने लोगों की समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
गांव मिठन कुंवर प्रताप निवासी मजहर बेग की पुत्री सानिया परवीन व नगर के मोहल्ला खेड़ा निवासी पवन कुमार की पुत्री लवी सीडी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा हैं। सानिया परवीन को विकास खंड कार्यालय में एक दिन के लिए विकास खंड अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया। छात्रा ने संबंधित अधिकारी की भूमिका को बेहतर तरीके से निभाया। अभिलेखों की जांच की और फरियादियों की समस्याओं को भी सुना। सानिया परवीन के पिता पेशे से दूधिया हैं। उसके पिता का कहना है कि वह अपनी पुत्री को पढ़ा लिखा कर एक प्रशासनिक अधिकारी बनाना चाहते हैं।
वहीं नगर के मोहल्ला खेड़ा निवासी लवी के पिता पवन कुमार रिक्शा चालक हैं। वह एक दिन के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक बनी। उसने पीड़ितों की समस्याओं को सुना और हेल्प लाइन, थाना कार्यालय, मैस आदि का निरीक्षण किया। लवी डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती है। इस दौरान एडीओ आईएसबी अजय पाल सिंह, लिपिक संजय गुप्ता, वीरेंद्र सिंह, एडीओ समाज कल्याण विजय पाल सिंह, रवि शर्मा, रितु रानी, पंकज कुमार, सीडी इंटर कॉलेज के अध्यापक जितेंद्र मारवाड़ी, महेशपाल सिंह, पीटीआई धर्मवीर सिंह, सीमा सिंह, नफीस अहमद, भोपाल सिंह व थाने पर कस्बा इंचार्ज सुनील राठी, मुन्नी राठी आदि मौजूद रहे।