आम सहमति के बगैर न बढ़े हाउस टैक्स
धामपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पालिका प्रशासन से व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए ही टैक्स बढ़ाने की मांग की गई। नगर में चार पहिया वाहन पर रोक लगाने व ई रिक्शा का रूट निर्धारित करने की भी मांग की।
पालिका स्थित पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता के कार्यालय में शनिवार को हुई व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारी नेता जावेद रहमान शम्सी ने कहा कि पालिका को आम लोगों को भरोसे में लेकर टैक्स में वृद्धि करनी चाहिए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर टैक्स लगाने से पूर्व व्यापारियों को संतुष्ट करने, अतिक्रमण अभियान चलाने से पहले चेतावनी का सुझाव रखा।
ईओ सुभाष कुमार ने कहा कि पांच वर्ष बाद हाउस टैक्स बढ़ाया जाना प्रस्तावित है। व्यापारी नेता गुरुशरन सिंह मोहन ने नगीना चौक से लेकर आरएसएम तिराहा तक सड़क के दोनों ओर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। सभासद व व्यापारी जितेंद्र गोयल ने मुख्य बाजार में दुकानें खुलने के दौरान चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाने व ई रिक्शा का रूट तय करने की मांग रखी। सुनील कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि पालिका द्वारा बना बैंक्वेट हाल लोगों की सुविधा के लिये बनाया गया था। मगर इस बैंक्वेट हॉल का व्यवसायीकरण कर दिया गया उन्होंने हॉल की लीज समाप्त करने की मांग रखी।
पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जायेगा। जल्द ही पालिका द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर को साफ रखने, घरों व दुकानों का कूड़ा सड़कों पर न फेंकने का आह्वान किया। बैठक में व्यापारी नेता सुरेश कुमार अग्रवाल, आदेश अग्रवाल, सतवंत सिंह सलूजा, एसपी सलूजा, उदित बंसल, पराग अग्रवाल, संजीव जैन, दीपक जैन, जसप्रीत सिह राकी, शेखर मित्तल रहे।