एक आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बृहस्पतिवार को चक्कर रोड पर गैस एजेंसी पर पहुंचे आठ युवक ने डिलीवरी मैन से मारपीट की। इस दौरान दोनों ओर वाहन रुक गए और जाम लग गया। एक आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
चामुंडाधाम काॅलोनी निवासी दीपक आदोपुर में चक्कर रोड स्थित गैस एजेंसी में सिलिंडर सप्लायर का काम करता है। दोपहर करीब एक बजे वह एजेंसी में था। इसी बीच बाइकों पर सवार सात-आठ युवक एजेंसी पर पहुंचे और दीपक के साथ मारपीट की। मारपीट से वहां अफरा-तफरी मच गई।
गैस एजेंसी कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। युवकों ने उनके साथ भी हाथ-पाई की। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते हमलावर फरार हो गए। एक युवक को दबोच लिया गया। पकड़ा गया युवक जमालपुर का रहने वाला है।
मारपीट से चक्कर रोड पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान किसी ने पुलिस को लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। दीपक ने बताया कि गैस सिलिंडर सप्लाई के दौरान उसका ईदगाह कालोनी के रहने वाले युवक से विवाद हुआ था। उसने ही मारपीट की है। शहर कोतवाल ने बताया कि जांच की जा रही है। दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।