जलीलपुर (बिजनौर)। डीएम रमाकांत पांडेय ने क्षेत्र के गांव नारनौर का भौतिक सत्यापन किया। लोगों ने डीएम के समक्ष गांव की समस्याएं रखीं। साथ ही सफाई व्यवस्था सही न होने की शिकायत की। किसी ने राशन न मिलने तो किसी ने पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। लोगों ने आवास बनवाने की मांग की।
मंगलवार को डीएम रमाकांत पांडेय ने विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद डीएम ने गांव नारनौर पहुंचकर गांव में हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने डीएम के सामने गांव की समस्याएं रखी। डीएम ने ग्रामीणों से वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीसी रोड, राशन कार्ड, सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की। इस पर ग्रामीणों ने गांव में सफाई की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मी ठीक से कार्य नहीं करता। सप्ताह में एक दिन ही सफाई करता है। ग्रामीणों ने डीएम से आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की। गांव वासियों ने खादर क्षेत्र में एक गौशाला का निर्माण कराने, गंगा नदी पर बनाए जा रहे पुल के किनारे घाट बनवाए जाने, अंत्येष्टि स्थल बनवाए जाने, किसानों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनवाने, बंधे का निर्माण कराए जाने, गांव में पंचायत घर बनवाए जाने, नारनौर से पुल तक बनाई जा रही सड़क में मोड़ अधिक होने की समस्या का निवारण कराने की पुरजोर मांग की। इस पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को समस्या का निवारण कराने के निर्देश दिए।