बिजनौर। चीन में एचएमपीवी तेजी से फैल रहा है। भारत में भी इसके दो नए मामले सामने आए हैं। जिले में भी स्वास्थ्य विभाग इस वायरस को लेकर सतर्क हो गया है। एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) टीम को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
चीन में तेजी से फैल रहे ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस के संक्रमण के लक्षण भी कोविड-19 के जैसे ही हैं। भारत के बेंगलुरु में सोमवार को दो मामलों की अधिकारिक तौर पर पुष्टि हुई है। जबकि इससे पहले सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वायरस के बारे में बता दिया था। अधिकारियों को वायरस की प्रकृति, जांच, बचाव की जानकारी भी दी गई थी। हालांकि बिजनौर में अभी इस वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। मगर स्वास्थ्य विभाग सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।
-यह सावधानी बरतें
- हाथ धोए बिना मुंह और नाक को छूने से बचें।
- संक्रमण में आए लोगों से दो गज की दूरी बनाकर रखें।
- सार्वजनिक स्थानों पर जाते वक्त मास्क लगाकर निकलें।
- इस वायरस से बचने के लिए समय-समय पर हाथ धोएं।
- अगर आपके पास कोई छींक रहा है तो अपना मुंह ढककर रखें।
-वर्जन :
एचएमपीवी के लक्षण भी कोविड-19 जैसे हैं। वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। सावधानी बरतने से ही वायरस से बचाव किया जा सकता है। घरों से बाहर मुंह पर मास्क लगाकर ही निकले। - डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर