गुलदार ने हमला कर रसोइया को किया घायल
नजीबाबाद। गुलदार ने नजीबाबाद चीनी मिल के रसोइया पर हमला कर उसे घायल कर दिया। गुलदार के हमले से चीनी मिल कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद का रसोइया बाबूराम शुक्रवार रात मिल के प्रधान प्रबंधक के घर खाना बनाने गया था। करीब सवा नौ बजे प्रधान प्रबंधक के घर से खाना बनाकर रसोइया बाबूराम साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान चीनी मिल परिसर में एक गुलदार ने बाबूराम पर हमला कर दिया। बाबूराम पांच मिनट तक गुलदार से अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करता रहा। बाबूराम ने गुलदार को धक्का देकर भागकर अपनी जान बचाई। गुलदार के हमले में बाबूराम का हाथ जख्मी हो गया। चीनी मिल के कर्मचारियों ने घायल को समीपुर अस्पताल में उपचार दिलाया। चीनी मिल के परिसर में गुलदार के हमले की घटना से मिल अधिकारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। इससे पूर्व भी चीनी मिल में कई बार गुलदार और उसके शावक देखे जा चुके हैं।
बाइक से टकराया गीदड़
मंडावली। मंडावली के गांव औरंगपुर बसंता के गन्ना सेंटर के सामने मार्ग पर तीन गीदड़ आपसी संघर्ष करते हुए एक बाइक से टकरा गए। बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से गांव दहीरपुर निवासी बाइक सवार आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल पहुंचा।