चांदपुर। गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रासेयो के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस को योग एवं मतदाता जागरूकता तथा सड़क सुरक्षा के रूप में मनाया गया। रैली निकालकर मतदान व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
छात्रा इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर मोहल्ला काजीजादगान व छात्र इकाई का मोहल्ला फीना बस्ती में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में प्रात: कालीन बेला में महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने साफ-सफाई की। शारीरिक शिक्षा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. अशोक कुमार ने स्वयं सेवक व स्वयं सेविकाओं को योग कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार योग करके हम खुद को विभिन्न बीमारियों से बचा सकते हैं। उन्होंने योग एवं प्राणायाम से होने वाले लाभ के विषय में भी जानकारी दी। महाविद्यालय की प्राचार्या साधना ने कहा कि शरीर को स्वस्थ्य व निरोग रखने के लिए योग आवश्यक है। योग को हमें अपने दैनिक जीवन में अवश्य समाहित करना चाहिए। कार्यक्रम के द्वितीय पहर में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकालकर मोहल्लेवासियों को अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया।