- सितंबर माह में पटाखा कारोबारी, कपड़ा व्यापारी की जांच के बाद जमा कराया टैक्स
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जीएसटी विभाग के अधिकारी टैक्स चोरी करने वालो के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। सितंबर माह में पटाखा कारोबारी, कपड़ा व्यापारी सहित बिना बिल माल पकड़े जाने पर 22 लाख 25 हजार रुपये टैक्स जमा कराया। इसके अलावा टैक्स नहीं जमा करने वाले व्यापारियों की जांच चल रही है।
जीएसटी विशेष अनुसंधान शाखा के संयुक्त आयुक्त विपुल सिंघल ने बताया कि सितंबर माह में पटाखा कारोबारी और कपड़ा व्यापारी की टैक्स चोरी के मामले में जांच की गई। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने स्योहारा स्थित एक पटाखा फैक्ट्री की जांच की। जांच के दौरान लेखा पुस्तिका में स्टॉक ज्यादा दर्ज था। जबकि मौके पर स्टॉक कम मिला। जिसके चलते कार्रवाई करते हुए कारोबारी से 12 लाख रुपये कर जमा कराया।
वहीं नूरपुर स्थित कपड़ा व्यापारी की जांच की। जांच में व्यापारी अपनी लेखा पुस्तिका नहीं दिखा पाया। लेखा पुस्तिका नहीं दिखाने पर अधिकृत माल को छुटाने के क्रम में पांच लाख 75 हजार रुपये जमा कराया। इसे अलावा जीएसटी की मोबाइल टीम ने दिल्ली से बिजनौर प्राइवेट बस में आ रहे बिना बिल के सामान को पकड़ा। परचून का सामना बिना बिल के आ रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने सामान के हिसाब से साढ़े चार लाख रुपये जमा कराए। संयुक्त आयुक्त विपुल सिंघल ने कहा कि सभी व्यापारी समय से अपना टैक्स जमा कराएं। जिससे सरकार को राजस्व की हानि न हो।