हल्दौर के पास नारियल कांड में फंसी नहर पटरी सड़क पर झाड़ू लगाता मजदूर।
- फोटो : BIJNOR
झाड़ू लगाकर समेटी सड़क पर बिखरी बजरी
बिजनौर। नहर पटरी पर पिछले महीने बनाई गई 700 मीटर लंबी सड़क पर बुधवार को कर्मचारी झाड़ू लगाते दिखाई दिए। दरअसल, झाड़ू लगाकर अभी तक उखड़ चुकी बजरी को किनारे किया गया। जिससे बारिश होने पर सड़क टूट न पाए। नारियल कांड के बाद जांच में फंसी सड़क की तीन बार मरम्मत कराई जा चुकी है।
नहटौर शाखा नहर पटरी पर बुधवार को आधा दर्जन मजदूर सड़क पर सवेरे ही झाड़ू लगाने पहुंच गए थे। मालूम किया गया तो बताया कि सड़क पर जो बजरी बिखर चुकी है, उसे किनारे किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो बुधवार की सुबह आसमान में काले बादल छा गए थे, ऐसे में बारिश पड़ने पर सड़क के बिखर जाने का अंदेशा बन गया था। बारिश में सड़क टूटने से बच जाए, इसलिए पहले से सड़क पर उखड़ चुकी बजरी को झाड़ू लगाकर किनारे कर दिया गया।
बता दें कि सवा करोड़ रुपये की लागत से नहर पटरी पर सात किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना था। इसमें केवल 700 मीटर सड़क ही बनाई गई। तभी दो दिसंबर को सदर विधायक सूची चौधरी ने इसका उद्घाटन किया। उद्घाटन के वक्त नारियल तो टूटा नहीं, लेकिन सड़क टूट गई थी। यह मामला इतना तूल पकड़ा कि तीन जांच कमेटी गठित हो गईं। सिंचाई विभाग ने विभागीय जांच भी कराई। सड़क में लगी निर्माण सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भी भेजे गए। इनकी गुणवत्ता की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। हालांकि किसी भी कमेटी ने अभी अपनी रिपोर्ट तैयार नहीं की है। उधर, जांच में फंसी सड़क का निर्माण अधर में लटक गया। मामले में फजीहत होती देख विभाग और ठेकेदार बनाए गए 700 मीटर के टुकड़े को बचाने में लगे हुए हैं।