राजा का ताजपुर में आरजीएनपी इंटर कॉलेज में बच्चों को वितरित होने आए मिड-डे मील की दाल में टिड्डा निकलने से छात्रों ने भोजन नहीं किया। अभिभावकों ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताते हुए मिड-डे मील वितरित करने वाली संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आरजीएनपी इंटर कॉलेज में एक एनजीओ द्वारा कक्षा छह से आठ तक के छात्रों को मिड-डे मील का वितरण किया जाता है। बुधवार को मिड-डे मील में एनजीओ द्वारा दाल चावल का वितरण कराया गया। छात्रों के खाना खाने से पूर्व शिक्षक रामचरण सिंह ने भोजन चैक करने के लिए एक प्लेट में दाल-चावल निकाले तो दाल में मरा हुआ टिड्डा देखकर वह हैरत में रह गए।
बाद में अध्यापकों ने मिड-डे मील का वितरण रुकवा दिया। इसके बाद छात्रों को भूखा ही रहना पड़ा। अभिभावकों ने मिड-डे मील में टिड्डा निकलने पर रोष जताते हुए इसे बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताते हुए भोजन परोसने वाली स्वयं सेवी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।