स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं आज से
बिजनौर। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के डिग्री कॉलेजों में नई शिक्षा नीति अंतर्गत स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आज से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए करीब 60 डिग्री कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। जिन पर 45 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
नई शिक्षा नीति के अंतर्गत अब परीक्षा में सेमेस्टर व्यवस्था लागू की गई है। वर्ष में दो सेमेस्टर होंगे, प्रथम सेमेस्टर परीक्षा बीए, बीएससी, बीकॉम तथा बीबीए के विद्यार्थियों की है। जो आज से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगी। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित कुमार के अनुसार अन्य पाठ्यक्रम की विषम सेमेस्टर की परीक्षा भी सात अप्रैल से ही शुरू है। प्रथम सेमेस्टर परीक्षा तीन पाली में होगी। प्रथम पाली सुबह सात बजे से 10 बजे तक , द्वितीय पाली सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक तथा तीसरी पाली तीन बजे से छह बजे तक है। जिले में 150 डिग्री कॉलेज हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र बनने के लिए तय शासन के नियमों के अनुसार 60 डिग्री कॉलेजों को केंद्र बनाया है। एक केंद्र पर दो से तीन कॉलेजों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों को जारी दस निर्देश
परीक्षा नकलविहीन होनी है। विश्वविद्यालय स्तर से इसके लिए व्यवस्था कर ली गई है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों को भी निर्देश भेज दिए हैं। इनमें प्रतिदिन हर पाली में परीक्षार्थियों की उपस्थिति महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जानी है। परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति प्रतिदिन शासन को भेजी जाएगी। बताया कि परीक्षा केंद्र को परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिका बंडल सील करके एक घंटे के अंदर संकलन केंद्र पर पहुंचाना अनिवार्य है। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कोरोना की गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित होना है। इस प्रकार परीक्षा केंद्रों को दस निर्देश भेजे गए हैं।