विदुरकुटी आएंगी राज्यपाल, तैयारी में जुटे अफसर
बिजनौर। जल्द ही विदुरभूमि पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आने की संभावना है। बुधवार को जिलेभर के अफसर तैयारियों में जुटे रहे। डीएम, एसपी ने विदुरकुटी, नगीना समेत कई जगहों पर दौरा किया। नगर पालिका को साफ सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 30 अगस्त को राज्यपाल के जिले में आने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अफसर अभी कार्यक्रम फाइनल न होने की बात कह रहे हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद विदुरकुटी के लिए कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को शासन स्तर से मंजूरी मिल सकती है।
वर्तमान में महात्मा विदुर के आश्रम को पर्यटन के मानचित्र पर अलग पहचान दिलाने के लिए प्रशासन प्रयास कर रहा है। अमर उजाला ने इस मुहीम को आगे बढ़ाया तो यहां पर डीएम उमेश मिश्रा ने तमाम विभागों के साथ मिलकर काम शुरू करा दिया। सबसे पहले यहां विदुर वाटिका लगा दी गई, जिसमें हजारों पौधे लगाए थे। वहीं, इसके बाद वृद्धाश्रम दोबारा शुरू कराने को मरम्मत का काम शुरू कराया गया। इसके अतिरिक्त लोगों को यहां से जोड़ने के लिए यहां पर आयुर्वेदिक संस्था, पंचकर्म, योग संस्थान शुरू करने की तैयारी की गई, जिसके लिए भवनों की मरम्मत भी शुरू हो चुकी है। इतना ही नहीं, यहां पर इलाज कराने आने वालों के रात्रि विश्राम को कॉटेज ठीक कराए जा रहे हैं। अब 30 अगस्त को यहां पर राज्यपाल के आने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद यहां के लिए कुछ और नए प्रोजेक्ट को शासन से मंजूरी मिल सकती है। पिछले तीन दिन से प्रशासनिक अधिकारी विदुरकुटी पर हो रहे कार्यों का निरीक्षण करने में लगे हुए हैं।
डीएम, एसपी नगीना कृषि अनुसंधान केंद्र पहुंचे
नगीना। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नगीना में संभावित दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिले के अफसरों के साथ नगीना स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद वैज्ञानिकों से आवश्यक जानकारी जुटाई। बुधवार की दोपहर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा व पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह जिले के कई प्रमुख अधिकारियों के साथ नगीना कोतवाली मार्ग पर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पहुंचे तथा प्रदेश की राज्यपाल के संभावित नगीना दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था व स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने राज्यपाल के हेलीपैड उतरने वाली जगह का भी निरीक्षण किया। कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर के के सिंह ने राज्यपाल के कृषि अनुसंधान केंद्र में आने की संभावनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी निर्धारित तिथि प्राप्त नहीं हुई है। इस मौके पर तहसीलदार अनुराग सिंह, सीओ सुमित शुक्ला व थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे भी मौजूद रहे।