जो रोजगार दे और महंगाई पर रखे काबू, ऐसी चुनेंगे सरकार
बिजनौर। चुनावी बिगुल बज चुका है। सभी पार्टियां तमाम वादों के साथ जनता के बीच पहुंचेंगी। लोकलुभावन वादे और दावे को लेकर जनता भी परखने के मूड में है। जो नेता रोजगार की बात करेगा और महंगाई पर लगाम लगाने का मंत्र समझाएगा, उसकी ओर झुकाव होने की संभावना है। सुरक्षा और कानून व्यवस्था भी इस चुनाव में अहम मुद्दा होगा। तमाम वादों और दावों पर खरा उतरने वाली पार्टी को ही वोट देने का मूड जनता बनाती दिख रही है। बुधवार को अलग-अलग वर्ग के लोगों की नब्ज टटोली तो कुछ इस तरह से अपनी राय जनता के लोगों ने रखी।
रसोई पर बढ़ते बोझ कम हो
रसोई के बढ़ते हुए बोझ को कम करने वाली सरकार होनी चाहिए। फिलहाल दाल सब्जी से लेकर मसालों तक की कीमत आसमान छू रही है। अबकी बार बढ़ती हुई महंगाई को थामने का जो पार्टी वादा करेगी, उसे ही वोट दिया जाएगा।
- नेहा सिंह
योजना राहत देने वाली हो
रसोई गैस ने महिलाओं के पकवानों पर ग्रहण सा लगा दिया है। हम चाहेंगे जो भी सरकार आये, हमारे रसोई के बजट को सस्ता करे। हम ऐसी सरकार चुनेंगे, जिसकी योजना गृहिणियों को राहत देने वाली हो।
- सीमा भारती
किसान हितैषी को देंगे वोट
आने वाले चुनाव में उसकी सरकार बनाने के लिए ही वोट दिया जाएगा, जोकि किसान हितैषी होगी। रोजगार की पुख्ता नीति होनी चाहिए। आज महंगाई की मार को नियंत्रण करने की क्षमता आने वाली सरकार की हो। सस्ती शिक्षा नीति लागू करे।
- नृपेंद्र देशवाल
नौकरी में भ्रष्टाचार हो खत्म
युवाओं के लिए सबसे जरूरी रोजगार है। अगर उनके पास नौकरी होगी तो वह महंगाई का सामना भी कर सकेंगे। बढ़ती बेरोजगारी ही महंगाई का सबसे बड़ा कारण है। सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार को खत्म करने वाली सरकार को ही वोट होगा।
- आयुषी छात्रा
रोजगार देने वाली हो सरकार
चुनाव में सभी पार्टियां अलग-अलग बातें कर रही है। अपने वादों पर कितना खरा उतरेंगे यही हमें परखना है। फिलहाल उसी पार्टी को वोट देकर सरकार बनाने में अपना सहयोग देंगे जोकि शिक्षा और रोजगार की बात करेगी।
- कुमारी रुचिका
किसान हित वाली पार्टी को देंगे वोट
पिछले एक साल से किसान आंदोलन कर रहे थे। किसानों की अपनी कई समस्याएं हैं, जिन्हें लेकर सभी पार्टियां अपने अपने दावे कर रही हैं, लेकिन इस बार किसान हित में काम करने वाले पार्टी को वोट कर उसकी सरकार बनाने में सहयोग करेंगे।
-अनुज राठी
व्यापारियों के लिए हितकारी हो
मौजूदा दौर में दुकानदारों और व्यापारियों के लिए कई समस्याएं खड़ी हुई। उसी पार्टी को वोट दिया जाएगा, जो व्यापारियों के हित में योजनाएं बनाएगी
-अरविंद विश्नोई व्यापारी नेता
सीमा भारती।- फोटो : BIJNOR
आयुसी।- फोटो : BIJNOR
निपेंद्र देशवाल।- फोटो : BIJNOR
रचिका।- फोटो : BIJNOR
अनुज राठी।- फोटो : BIJNOR
व्यापारी अरविंद।- फोटो : BIJNOR