‘किसानों की आवाज दबाना चाहती है सरकार’
चांदपुर (बिजनौर)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने कहा कि सरकार आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को दबाना चाहती है।
पठान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसान आंदोलन में उनके साथ पूरी तरह से खड़ी है। किसानों के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। सरकार द्वारा किसानों की आए दोगुनी करने की बात की जा रही जबकि किसानों को फसल का दाम भी नहीं मिल रहा है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सहारनपुर से किसानों के अपने हक की लड़ाई का संघर्ष का आगाज शुरू करने के बाद आज चांदपुर की धरती पर किसानों को विश्वास दिलाया कि कांग्रेस किसानों के आंदोलन में उनके साथ खड़ी है।
‘देश में पैदा की जा रही है नफरत’
चांदपुर (बिजनौर)। पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि देश में नफरत पैदा की जा रही है। केंद्र सरकार ने पहले नोटबंदी कर देश की अर्थव्यवस्था को गिराने का काम किया। उसके बाद जीएसटी लगाकर व्यापारियों की रीढ़ तोड़ने का काम किया है। कहा कि सीएए एनआरसी लगाकर समाज को तोड़ने का काम किया। कहा कि आज देश में ऐसा माहौल बन गया है कि देश की बात करने वाला, देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वालों से, देश के ऊपर जान न्योछावर करने वालों से देशभक्ति का प्रमाणपत्र मांगते हैं। चांदपुर रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की किसान महासभा में पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद नूरबानो, पूर्व सांसद मीम अफजल, राशिद अलवी, मुरादाबाद लोकसभा से पूर्व प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी, बिजेंद्र सिंह, पूर्व सांसद ओमवती, पूर्व मंत्री सईदुजम्मा आदि ने संबोधित किया।