टिड्डी दल से निपटने की तैयारी करे सरकार: मलूक नागर
बिजनौर। बसपा सांसद मलूक नागर ने मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ से फसलों को नुकसान पहुंचा रहे टिड्डी दल को रोकने के लिए युद्ध् स्तर पर तैयारी करने तथा इनसे निपटने के लिए किसानों को भी निशुल्क कीटनाशक उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
सांसद मलूक नागर ने शनिवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टिड्डी दल की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराने का प्रयास किया। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि पाकिस्तान से आए टिड्डी दल ने पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में तबाही मचाने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का रुख़ कर लिया है। इनके हमले से फसल को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर उपाय करना जरुरी है। उन्होंने कहा कि टिड्डी दल एक दिन में 150-200 किमी तक दूरी तय कर सकता है और कुछ ही घंटों में कई एकड़ खड़ी फ़सलें चट कर जाता है। लॉकडाउन के कारण किसान पहले से ही परेशान है। अब टिड्डी दल के हमलों से मुश्किलें बहुत बढ़ सकती हैं व फ़सलो को भी भारी नुक़सान पहुंच सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार सेना या प्राइवेट संस्था की मदद लेकर हेलीकॉप्टर की सहायता से टिड्डी दल पर कीटनाशक का छिड़काव कराया जाए ताकि प्रदेश में घुसते ही इन्हे मार गिराया जा सके। कारगर कदम उठाने के साथ ही ब्लॉक व ग्राम स्तर पर किसानों को मुफ्त में कीटनाशक उपलब्ध कराया जाना चाहिए। जिससे फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव कर फसलों को बचाया जा सके।