जून से आधार कार्ड में ठीक करा सकेंगे नाम, पता, मोबाइल नंबर
बिजनौर। जून से आधार कार्ड बनाने और अपडेशन का कार्य शुरू हो सकता है। दूसरे प्रदेशों अथवा जनपदों से लौटे प्रवासी श्रमिकों एवं अन्य लोगों को अब आधार अपडेशन के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अफसरों की मानें तो जून के पहले सप्ताह से डाकघरों में आधार अपडेशन का काम शुरू होने की उम्मीद है। अपडेशन के लिए सरकार ने 50 रुपये फीस निर्धारित कर रखी है।
लॉकडाउन के कारण जिले में दो माह से आधार कार्ड बनाने और इनमें अपडेशन कार्य बंद है। डाक अधीक्षक राधेश्याम शर्मा बताते हैं कि जून के पहले सप्ताह से डाकघरों में आधार अपडेशन का काम शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर स्थित प्रधान डाकघर, धामपुर, नजीबाबाद, किरतपुर, कोतवाली देहात, नगीना, चांदपुर, नूरपुर, हल्दौर, झालू में आधार कार्ड बनाने और अपडेशन का कार्य शुरू होगा। सरकार ने इसके लिए 50 रुपये का शुल्क निर्धारित कर रखा है। इसके लिए मुख्यालय से सुझाव मांगे गए हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आधार कार्ड बनाने और अपडेशन कार्य शुरू कराया जाए। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार अपडेशन के लिए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तहत काम करने वाले कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी को भी इसकी इजाजत दी गई थी।