बिजनौर। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों से 9 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्द कहे गए।
शहर कोतवाली में गांव भगवानपुर निवासी टिंकू कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसमें कहा कि सात महीने पहले सलीम निवासी मिर्दगान फुरकान बाग कॉलोनी ने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए उससे संपर्क किया था। आरोपी ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, ग्राम पंचायत विभाग, जल विभाग और होमगार्ड में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। आरोप है कि सलीम ने नौकरी लगवाने के नाम पर टिंकू से उसकी पत्नी अनुराधा, साले आकाश और परिचित कपिल के दस्तावेज लिए। नौ मार्च से पांच अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग खातों में ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल करीब नौ लाख रुपये ले लिए। काफी समय बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने रकम वापस मांगी। आरोप है कि सलीम ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
टिंकू के मुताबिक, छह अक्टूबर को वह अपने साथियों के साथ सलीम के घर पहुंचा तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।