बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि पुस्तकालय समाज के बौद्धिक विकास का आधार होते हैं। विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि राजकीय जिला पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं पुस्तकालय से जुड़कर लाभान्वित हो सकें।
डीएम ने पुस्तकालय में नवीन व उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ डिजिटल लाइब्रेरी, ई-पुस्तकें एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही भवन की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। बरसात में छत से पानी टपकने की शिकायत पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिजनौर को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त आधुनिक फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल एवं ई-लर्निंग जोन विकसित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना आदि उपस्थित रहे।