नगीना में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से थाना भ्रमण कार्यक्रम में एमएम इंटर कॉलेज की छात्राएं और प
नगीना। थाना कोतवाली में भ्रमण के लिए आईं एमएम इंटर कॉलेज की छात्राओं को पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने निडर होकर रहने की सीख दी। साथ ही उन्हें अनुशासित रहने और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने का पाठ पढ़ाया।
सोमवार सुबह अमर उजाला फाउंडेशन के पुलिस मित्र अभियान के अंतर्गत नगीना कोतवाली में पहुंचीं छात्राओं से सीओ ने कहा कि वे पुलिस को अपना मित्र समझें तथा किसी भी समस्या को अपने परिवार के साथ बेखौफ होकर साझा करें। कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षण में सबसे पहले व्यक्ति को अनुशासित होना पड़ेगा। यदि आप अपने स्तर से कोई गलती नहीं करेंगे तो दूसरा आपकी तरफ निगाह उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने सहायता के लिए पुलिस के नंबरों की जानकारी दी। कहा कि मोबाइल, सोशल मीडिया का प्रयोग करना अपराध नहीं है, लेकिन इसका दुरुपयोग करना गलत है।
उन्होंने मोबाइल का दुरुपयोग न करने, अपनी पर्सनल जानकारी किसी के साथ साझा न करने, हमेशा खुद व दूसरों को जागरूक बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा यदि आपके आसपास या परिवार में कहीं किसी का उत्पीड़न हो रहा है तो बेहिचक पुलिस को बताएं, आपका नाम गुप्त रखा जाएगा। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य शाहिद अली गौहर, शिक्षक शहजाद अहमद, शिक्षिका शहनाज बेगम, नूरजहां, थाना अध्यक्ष तेजपाल सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक कुमार मौजूद रहे।
छात्राओं को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया
सीओ ने कक्षा 11 की छात्रा सादिया व वजीहा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाकर उनकी कुर्सी पर बैठाया। सीओ ने थाना प्रभारी बनीं छात्राओं से फरियादी बनकर कई सवाल भी किए, जिसका दोनों छात्राओं ने बेबाकी से जवाब दिया। महिला उप निरीक्षक सपना तोमर व बिंद्रेस देवी ने भी छात्राओं को जरूरी जानकारी दी और महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया।