बिजनौर के नजीबाबाद में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दिए बिना युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर साहनपुर के महाराजा चौक के निकट एक परिवार में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रेम-प्रसंग के चलते युवती कमरा बंद कर फांसी के फंदे पर झूल गई।
बताया जाता है कि युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों द्वारा युवती को कई बार समझाया लेकिन वह प्रेमी युवक से शादी करने पर अड़ी रही।
चर्चा है कि हाल ही में प्रेमी युवक भी युवती से किनारा करने लगा था, जिससे वह तनाव में थी। युवती के परिजन पड़ोस में गए थे। छोटे भाई-बहन घर पर थे। मौका पाकर युवती ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद लौटे परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला। तब तक उसकी सांसें थम चुकीं थी। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना युवती का अंतिम संस्कार कर दिया।