एक से शुरू होगी गंगा यात्रा
बिजनौर। बिजनौर से बलिया तक गंगा यात्रा निकलेगी। बिजनौर से ही यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गंगा किनारे के गांवों में प्रवास कर साफ सफाई की जमीनी हकीकत जानेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यात्रा का उद्देश्य लोगों को गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए जागरूक करना है। गंगा की निर्मलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। गंगा सूबे के बडे़ क्षेत्रफल में बहती है। इसलिए शासन ने बिजनौर से बलिया तक गंगा यात्रा निकालने का बीड़ा उठाया है। गंगा यात्रा एक जनवरी से शुरू होगी। इस मौके पर भारत सरकार के मंत्री, शीर्ष अधिकारियों के साथ सूबे के मंत्री और आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। यात्रा गंगा किनारे के करीब एक दर्जन शहरों से होती हुई पांच जनवरी को बलिया में समाप्त होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिले का भ्रमण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री गंगा किनारे स्थित किसी भी एक गांव में रात्रि प्रवास करेंगे। गंगा किनारे बसे गांवों का दौरा करेंगे। सीएम का मकसद प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन समेत गंगा को निर्मल बनाने के लिए शुरू अभियान की जमीनी हकीकत जानना है। प्रशासन ने गंगा यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि जिले के मौहम्मदपुर देवमल ब्लाक में 12 हल्दौर ब्लॉक की पांच जलीलपुर ब्लॉक की तीन तथा नजीबाबाद ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत गंगा किनारे स्थित है। इन ग्राम पंचायतों में 47 गांव हैं। हर ग्राम पंचायत का एसडीएम, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। हर नोडल अधिकारी की गांववार निगरानी के लिए एक दर्जन प्वाइंट्स तय हैं।