मदद के नाम पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म
स्योहारा(बिजनौर)। गरीबी मुफलिसी से जूझती एक महिला की मदद करने के नाम पर एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। महिला की वीडियो बना ली। व्यक्ति के गैर संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण हिंदू संगठनों ने धर्मपरिवर्तन का मामला बताकर कार्रवाई की मांग की है।
हल्दौर क्षेत्र के एक गांव की महिला मुंबई में रहकर जीवन यापन करती थी। वहीं महिला की जान पहचान बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र के गांव लांबाखेड़ा के रहने वाले सलमान से हो गई। महिला ने एसपी बिजनौर को दिए शिकायतीपत्र में बताया कि कोरोना कर्फ्यू लगने के कारण मुंबई में काम बंद होने के कारण वह बेरोजगार हो गई। तब सलमान बिजनौर में अच्छा रोजगार दिलाने के बहाने स्योहारा ले आया, जहां गांव फैजुल्लापुर में सेक्टर रोड पर किराए के मकान में रख कर नौकरी दिलाने के नाम पर अनैतिक संबंध बनाता रहा। महिला ने बताया कि 20 मई को सलमान के तीन साथी अरकान, फरमान व शाहवेज को लेकर आ गया और उनके साथ भी अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। मना करने पर चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो भी बना ली। महिला का कहना है कि मामले की जानकारी थाने में भी दी थी, लेकिन डांट कर भगा दिया था। महिला ने एसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय महामंत्री जितेंद्र बैस का कहना है कि बिजनौर जिले के गैर संप्रदाय के युवक बाहर जाकर नौकरी करने के साथ साथ हिंदू समुदाय की लड़कियों व महिलाओं को फंसा कर शादी का झांसा देकर कर यहां लेकर आते हैं। इस तरह के धर्मपरिवर्तन के कई मामले हो चुके हैं। पुलिस को मामले की गंभीरता को समझते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जा रही है।