अलीगढ़ में पकडे़ गैंग पर बिजनौर से बच्चा चुराने का शक
बिजनौर/नहटौर। नि:संतान दंपत्तियों को बच्चा चोरी करके बेचने वाले गैंग ने तो कहीं नहटौर से आठ माह पूर्व एक बालिका बेटी को अगवा नहीं किया था। इस बालिका का पता लगाने में पुलिस अभी तक नाकाम रही है। अलीगढ़ में पकड़े गए गैंग का बच्चा चोरी करने का तरीका भी नहटौर से महिला से छीनी बालिका जैसा है। बिजनौर पुलिस अब इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। गैंग के सदस्यों से इस बारे में पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर पूछताछ करेगी।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना सराई निवासी महिला सुमित्रा देवी झालू में रहकर आसपास के इलाकों में भीख मांगती थी। दस नवंबर 2020 को महिला अपनी चार माह की बच्ची के साथ नहटौर में भीख मांगने आई थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक अपनी बुर्का पहने महिला के साथ भिखारिन महिला की बच्ची को छीनकर ले गया। पुलिस की तमाम कोशिश के बाद भी बच्ची नहीं मिली। भिखारिन महिला बच्ची के नहीं मिलने पर मायूस होकर अपने घर मध्यप्रदेश लौट गई। अलीगढ़ पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाले गैंग को दबोचा हैं। गैंग में शामिल नौ महिलाओं समेत 16 लोग पकड़े गए हैं।
इस गैंग के पास से पांच बच्चे मिले हैं। गैंग बच्चों को चोरी करके नि:संतान दंपत्तियों को बेच देता था। पुलिस को शक है कि अलीगढ़ में दबोचे गैंग तो कहीं नहटौर से भिखारिन की बच्ची को छीन कर नहीं ले गया था। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई हैं। नहटौर से अगवा हुई बच्ची के मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर कांति प्रसाद शर्मा कर रहे हैं। उनके मुताबिक अलीगढ़ में पकड़े गए गैंग का चालान हो गया है। न्यायालय से अनुमति लेकर बच्ची के बारे में उनसे पूछताछ की जाएगी। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के मुताबिक एसपी पूर्वी को निर्देश दिए गए हैं कि वह अलीगढ़ पुलिस से संपर्क करके इस बारे में पता करे। गैंग के सदस्यों से इस बारे में अनुमति लेकर पूछताछ की जाएगी।