डकैती की योजना बना रहे गैंग को दबोचा
बिजनौर। चांदपुर पुलिस व स्वाट टीम ने मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को दबोचा है, जबकि दो बदमाश मौके से भाग निकले। पकड़े गए बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे। बदमाशों के पास से चोरी की छह बाइक, एक तमंचा, दो चाकू और मोबाइल बरामद किया गया है।
एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र के मुताबिक चांदपुर पुलिस व स्वाट टीम ने चांदपुर में मंडी समिति के पीछे तिराहे से बुधवार रात डकैती की योजना बना रहे बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। पुलिस ने चार बदमाशों को घेर कर दबोचा लिया। दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए बदमाशों में मेरठ जिले के इंचौली थाना क्षेत्र के कस्बा लावड़ निवासी शाहरुख, नूरपुर थाने के गांव कुंडा खुर्द निवासी फहीम, चांदपुर थाने के गांव जाफरकोट निवासी मोहित कुमार, चांदपुर के मोहल्ला सरायरफी निवासी दानिश शामिल हैं। चांदपुर थाने के गांव हातमपुर शेख निवासी राजू वाल्मीकि व चांदपुर के मोहल्ला सरायरफी निवासी कलीम मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दबोचे गए बदमाशों के पास से छह चोरी की बाइक, एक तमंचा 12 बोर, दो कारतूस, दो चाकू व एक मोबाइल फोन बरामद किया है। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदलकर फर्जी प्लेट लगाकर उन्हें बेच देते थे। बदमाश चोरी की बाइकों को चांदपुर बेचने आए थे। बाइक नहीं बिकने पर डकैती की योजना बना रहे थे कि पुलिस ने दबोच लिया। गैंग को पकड़ने वाली टीम में चांदपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे, दरोगा जयदेव सिंह, करमजीत सिंह, मदनपाल सिंह, स्वाट टीम के प्रभारी मनोज परमार, पुलिस कर्मी अरुण कुमार, बेताब जावला, मोनू कुमार आदि शामिल रहे।