‘ कुर्बानी से ही बना है आजाद भारत’
बिजनौर। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल कार्यालय में स्थित शहीद स्मारक में देश के अमर शहीदों व पराक्रमी महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर उन्हें नमन किया गया। विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट व एनएसएस सदस्यों ने नारे लिखीं तख्तियां लेकर प्रभातफेरी निकाली। डीएम रमाकांत पांडेय, सीडीओ केपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और देश भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
विकास भवन में हुए कार्यक्रम में डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की कुर्बानियों के नतीजे में आज हम आजाद भारत में स्वतंत्रता के साथ और सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं। डीएम ने बताया कि 1033 ईसवी में सालार मसूद बहराइच आया और महाराजा सुहेलदेव के साथ युद्ध हुआ था जिसमें मसूद बुरी तरह जख्मी हो गया और फिर इन्हीं जख्मों की वजह से उसकी मौत हो गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने कहा कि आजादी के इतिहास में महाराज सुहेलदेव को विशिष्ट स्थान प्राप्त है। उन्होंने अपने पराक्रमी और शौर्य की गाथा विदेशी आक्रमणकारियों को पराजित कर प्रेरणा दी और भविष्य में अपने देश और राष्ट्र की रक्षा के लिए बलिदान देने के लिए देशवासियों को प्रेरित किया। सूचना विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के भाषण सहित संपूर्ण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। संचालन डा.अतीक अहमद ने किया।