फर्जी बैंककर्मी बनकर एक लाख रुपये की ठगी
नगीना। फर्जी बैंक कर्मी बनकर नगीना के एक बड़े व्यापारी के क्रेडिट कार्ड से एक लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगीना के मोहल्ला लाल सराय निवासी प्रतिष्ठित व्यापारी प्रमोद जैन ने पुलिस को दी लिखित तहरीर में कहा की उन्होंने इंदुसिंड बैंक का क्रेडिट कार्ड लिया था। जिसमें उन्होंने पिन जनरेट नहीं किया था। तहरीर में कहा गया कि 17 अक्तूबर को एक कॉल उनके रजिस्टर मोबाइल नंबर पर आई, जिसमें कॉल करने वाले ने अपने आप को बैंक का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड के पिन जनरेट होने की बात कही। व्यापारी प्रमोद जैन का कहना है की फोन करने वाले व्यक्ति पर विश्वास करते हुए उन्होंने उसके द्वारा पूछी गई सभी जानकारी उसे दे दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि जब कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनके क्रेडिट कार्ड से तीन ट्रांजेक्शन 23230 रुपये, 22220 रुपये व 90157 रुपये हाउसिंग डॉट कॉम में ट्रांसफर कर लिए। तब उन्हें बैंक द्वारा आई एक कॉल ने उनके क्रेडिट कार्ड के जरिए धोखाधड़ी हो जाने की बात बताते हुए क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कर दिए जाने की बात बताई। व्यापारी ने बताया कि क्रेडिट कार्ड के जरिए धोखाधड़ी हो जाने की जानकारी हो जाने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना साइबर क्राइम यूपी के मुख्यालय को दी। व्यापारी द्वारा नगीना थाने में तहरीर देकर क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी के जरिए उनकी गई रकम को वापस दिलाने की मांग की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।