बिजनौर से भेजी गईं रोडवेज की चार बसें
बिजनौर। लॉकडाउन के बाद से लोग रोजाना रोडवेज बसों से अपने घरों को लौट रहे हैं। पिछले तीन दिनों से यह सिलसिला जारी है। सोमवार को परिवहन निगम के बिजनौर डिपो से विभिन्न स्थानों के लिए चार बसें और भेजी गईं। एक बस नजीबाबाद, एक मुरादाबाद, एक बरेली और एक मुजफफरनगर भेजी गई है।
बिजनौर डिपो के बस स्टेशन प्रभारी अरविंद शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन के बाद फंसे लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि बस स्टेशन पर आने वाले हर यात्री का रजिस्टर में नाम पता नोट करने के बाद जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही उन्हें बस में बैठने की अनुमति दी जा रही है। सोमवार को यहां से लगभग 125 यात्रियों को रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर जाने वाली बस को पुलिस ने बैराज से ही वापस कर दिया। उन्होंने बताया कि पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा आदि स्थानों से आने वाले लोगों के लिए नगीना और धामपुर होकर ही बरेली के लिए बसें भेजी गई हैं। स्टेशन प्रभारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश दस बसें रिजर्व की गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर डीएम के निर्देश पर ही बसें कहीं भेजी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मियों के पास बनवाए गए हैं। ताकि कोई परेशानी न हो।