सीमा सील होने पर बॉर्डर पर लगी ट्रकों की लाइन
नूरपुर। मुरादाबाद की सीमा पर गांव अब्दुल्लापुर दहाना में पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर जनपद की सीमा सील है। लॉकडाउन के बाद से ही यहां रात और दिन पुलिस तैनात है। पहले पुलिस द्वारा कुछ ढील दी जा रही थी, इससे दुपहिया वाहन चालक आराम से सीमा पार कर रहे थे। सोमवार को जनपद की सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। बॉर्डर पर ट्रकों की लंबी कतार लगी है। पैदल जाने वालों को भी बार्डर पर ही रोका जा रहा है। उधर पंजाब और दिल्ली से आने वाले प्रवासी मजदूरों का पलायन जारी है। साइकिलों ओर पैदल बड़ी संख्या में मजदूर घर जाने के लिए बार्डर पर पहुंच रहे हैं। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों का एक रजिस्टर में नाम पता दर्ज कर उन्हें निकाला जा रहा है।