चांदपुर (बिजनौर)। सिगरेट पीते हुए पुलिसकर्मी की वीडियो वायरल करने वाले व्यापारी के उत्पीड़न के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। चांदपुर क्षेत्राधिकारी को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया गया है। इनके साथ ही दरोगा और दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
शनिवार को चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर निवासी दुकानदार हिमांशु शर्मा को घर दबिश देकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसे गाड़ी में बैठ कर अलग-अलग जगह घुमाया गया। हिमांशु शर्मा ने आरोप लगाया कि उसके साथ पुलिस ने मारपीट भी की। पुलिस की गाड़ी में बैठ जाने को लेकर हिमांशु शर्मा ने वीडियो भी वायरल की। साथ ही पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत की गई। बता दे की हिमांशु शर्मा के खिलाफ पिछले दिनों पुलिस ने केस दर्ज किया था। जिसमें आरोप था कि उसने एक सिपाही की सिगरेट पीते हुए वीडियो बना ली थी। जिसमें वह ब्लैकमेल कर रहा था।
इसी केस को लेकर शनिवार को चांदपुर पुलिस उसकी दुकान पर पहुंची और उसे पकड़ कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप लगाया गया कि उसे पकड़ने के बाद पुलिस ने उसके साथ मारपीट भी की है। यह पूरा प्रकरण पुलिस के आला अफसर तक पहुंचा तो मामले में गाज गिर गई। सूत्रों ने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकार चांदपुर ने उसे उठाकर लाने का आदेश दिए थे, जिसके चलते एक दरोगा और दो सिपाही उसे गाड़ी में बैठाकर ले आए। हालांकि आरोप यह भी है कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर भारत कुमार सोनकर को तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया है। बता दें कि भरत कुमार सोनकर का हाल ही में गैर जनपद स्थानांतरण हो गया था।
वहीं उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह व आरक्षी राजकुमार द्वारा अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही प्रदर्शित किए जाने के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।