चांदपुर में बाइक से रूपए उड़ाने की घटना के बाद पुलिस ने जारी किया संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज।
- फोटो : BIJNOR
अकाउंटेंट की बाइक से उड़ाए चार लाख रुपये
चांदपुर। बैंक से चार लाख रुपये निकालकर आ रहे भाजपा नेता के भाई की फैक्टरी के अकाउंटेंट की बाइक से उचक्के रुपये का बैग उड़ाकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस के काफी तलाश के बाद भी उचक्कों का कहीं पता नहीं लगा। पुलिस बाजार में दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से उचक्कों तक पहुंचने में जुटी है।
मोहल्ला चिम्मन बाजार बजरिया निवासी विकास कर्णवाल की चांदपुर जलीलपुर रोड पर गांव वीरोपुर में केमिकल फैक्टरी है। विकास कर्णवाल भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम कर्णवाल के पुत्र व भाजपा जिला महामंत्री विवेक कर्णवाल के बड़े भाई हैं। विकास कर्णवाल ने बताया कि शुक्रवार को फैक्टरी के अकाउंटेंट आशुजीत सिंह रामलीला मैदान स्थित भारतीय स्टेट बैंक से चार लाख रुपये निकालकर बाइक से फैक्टरी आ रहे थे। रुपये बाइक में लगे बैग में रखे हुए थे। बैंक से बाजार में पहुंचने पर महिला अस्पताल और नगरपालिका परिषद कार्यालय के बीच उचक्कों ने बाजार में बाइक में लगे बैग से रुपये का थैला उड़ा दिया। उचक्के बाइक से रुपये का बैग निकालकर फरार हो गए। पता लगने पर काफी तलाश किया, लेकिन उचक्के का कहीं पता नहीं लगा। अकाउंटेंट आशुजीत सिंह ने पुलिस में घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी पंकज तोमर ने बताया कि बाजार में दुकानों पर लगे व बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उचक्के की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के सभी थानों को भी सूचित कर दिया गय है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।