कोटद्वार/नजीबाबाद में कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच सुखरो पुल के समीप सोमवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार चार युवकों की मौत हो गई। नजीबाबाद पुलिस ने चारों युवकों के शवों को निजी वाहन से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया, जहां चारों की जेब से मिले आईकार्ड के आधार पर उनकी शिनाख्त हो सकी।
नजीबाबाद थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि एक सफेद रंग की अल्टो कार सुखरो पुल के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई है। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने देखा तो कार की टक्कर से एक बड़ा पेड़ टूटकर नीचे गिरा हुआ था और कार बुुरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। उसके अंदर बैठे चारों युवक मृत पड़े थे। वहां मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने कार के अंदर से चारों युवकों के शवों को बमुश्किल बाहर निकाला और निजी वाहन से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चारों की शिनाख्त महावतपुर पुरैनी नगीना निवासी कपिल कुमार पुत्र जयपाल सिंह, रामगोपाल सिंह पुत्र गुलशन सिंह, नगीना निवासी तरुण कुमार पुत्र वेद प्रकाश और प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। ये चारो दोस्त थे और कोटद्वार स्थित सिद्धबली पीठ के लिए निकले थे। कार तरुण चला रहा था। आशंका है कि किसी कारण वह कार से नियंत्रण खो बैठा और कार पेड़ से टकरा गई। चार युवकों की मौत से गांव में मातम छा गया। युवकों के परिजन शव लाने कोटद्वार रवाना हो गए थे।