नहटौर। एसटीएफ बरेली और नहटौर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो लैपटॉप, वाई-फाई राउटर, स्मार्टफोन, चार एटीएम कार्ड, तीन चेकबुक, चार कूटरचित आधार कार्ड तथा फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ बरेली को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गांव फुलसंदा हीरा निवासी इब्राहिम अंसारी अपने घर से फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कर रहा है। एसटीएफ और नहटौर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामार उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह परिवहन विभाग की वेबसाइट पर लोगों के नाम से ऑनलाइन आवेदन करता था। लर्निंग लाइसेंस की ऑनलाइन परीक्षा में आवेदक के स्थान पर स्वयं परीक्षा देता था। इसके लिए वह ब्राउजर में विशेष एक्सटेंशन और जावा स्क्रिप्ट का इस्तेमाल कर वीडियो सत्यापन प्रक्रिया को बाईपास कर देता था।
इसके बाद तैयार लाइसेंस की पीडीएफ व्हाट्सएप के माध्यम से संबंधित व्यक्ति को भेज देता था और ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करता था। आरोपी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के लोगों के फर्जी लर्निंग लाइसेंस तैयार करने की बात स्वीकार की है।
विवेचना अधिकारी किशन अवतार ने बताया कि आरोपी पहले एआरटीओ कार्यालय में संविदाकर्मी था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आधार अधिनियम-2016 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।्