कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वनों में टाइगर सफारी निर्माण के मानचित्र को देखते अधिकारी।
- फोटो : DHAMPUR
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व स्थित कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वनों में टाइगर सफारी निर्माण के दौरान पाखरो रेंज में निर्धारित संख्या से अधिक पेड़ों का कटान होने के आरोप में वनक्षेत्राधिकारी बृज बिहारी शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी, प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव अनूप मलिक व कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने पाखरो रेंज का निरीक्षण किया और कालागढ़ से पाखरों तक के निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने टाइगर सफारी के कार्यों को भी जाना और कालागढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को कानून के दायरे में काम करने के निर्देश दिए।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व के डीएफओ किशन चंद ने बताया कि वनों में सभी काम उच्चधिकारियों के आदेशों व निर्देशों से किए गए हैं। पाखरों रेंज में कामकाज के दौरान 106 हेक्टेयर में टाइगर सफारी के निर्माण का काम प्रगति पर है। पाखरो रेंज में 163 पेड़ों के कटान की अनुमति ली गई है। पर्यटकों की आवाजाही के लिए कालागढ़ नर्सरी से पाखरों तक कलवटों का बनाया जाना आदि कार्य कराए जा रहे हैं। पाखरो रेंज में संख्या से अधिक पेड़ों के कटान के आरोप में पाखरों के वनक्षेत्राधिकारी को उच्च अधिकारियों के आदेशों पर निलंबित कर दिया गया है।
हाईकोर्ट में पेश होगी रिपोर्ट
कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश पर विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया है। पाखरों व मोरघट्टी में कराए गए विकास कार्यों व भवनों को देखा गया है। उसकी रिपोर्ट आठ नवंबर को हाईकोर्ट में रखी जाएगी।
राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण की टीम ने भी किया था दौरा
कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वनों में टाइगर सफारी निर्माण के दौरान पाखरों रेंज में अवैध निर्माण व पेड़ों के कटान के मामले में सितंबर के अंतिम सप्ताह में राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण की टीम व 25 अक्तूबर को पर्यावरण मंत्रालय की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था।