नहटौर थाने में पांच पुलिसकर्मी मिले कोरोना पॉजिटिव
नहटौर। थाना नहटौर में दो महिला कांस्टेबल सहित पांच पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थाने पहुंचकर दवाइयां उपलब्ध कराते हुए होम क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया है।
तीन दिन पूर्व धामपुर थाने में तैनात एक कांस्टेबल पॉजिटिव पाया गया था। उक्त सिपाही का आवास नहटौर थाने की कॉलोनी में था। उसको होम क्वारंटीन कर दिया गया था। जिसके बाद नहटौर थाने में तैनात पुलिस कर्मियों ने भी अपनी जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दो महिला कांस्टेबल व एक पीआरडी के सिपाही सहित पांच पुलिस कर्मियों की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। चिकित्सा अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थाने पहुंचकर पॉजिटिव आए पुलिस कर्मियों को दवाई व किट उपलब्ध करा दी हैं। होम क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया गया है। कोई भी दिक्कत आने पर अस्पताल में भर्ती के लिए कहा गया है।