मंडावली में फोरलेन की एक दिशा की सड़क तोड़ती जेसीबी। संवाद
मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली क्रॉसिंग के निकट काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन की एक दिशा की सड़क ऊंची होने के कारण तोड़ी जा रही है। सड़क पर कार्य होने के कारण करीब एक किलोमीटर तक ट्रैफिक वनवे किया गया है। क्षेत्रवासी फोरलेन निर्माण में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैंं।
मंडावली क्रॉसिंग क्षेत्र में करीब तीन साल पहले फोरलेन निर्माण कार्य किया गया था। दोनों दिशा की सड़क बना दी गई थी और पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। फोरलेन की एक दिशा की सड़क दूसरी दिशा की सड़क से करीब चार फुट ऊंची बनाई गई थी।
हाल ही लकड़हान नदी पर फोरलेन के दूसरे पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। मुस्सेपुर आश्रम के सामने करीब 250 मीटर फोरलेन सड़क को ऊंची होने के कारण तोड़ा जा रहा है। सड़क के मलबे और मिट्टी से पुल एप्रोच के लिए भरान कार्य किया जा रहा है।
सड़क पर तोड़फोड़ कार्य के चलते मंडावली क्रॉसिंग से लकड़हान नदी दिशा में करीब एक किलोमीटर तक ट्रैफिक को वनवे किया गया है, जिससे हाईवे पर हादसों की संभावनाएं बनी है।
मंडावली के सचिन पाल और भूपेंद्र चौहान ने बताया कि फोरलेन निर्माण में लापरवाही बरतने और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करने शिकायत पर हाईवे अथॉरिटी के किसी भी अधिकारी ने कोई सुनवाई नहीं की थी, जबकि अब धन का दुरुपयोग होने के साथ ही राहगीरों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। उधर, हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने फोन कॉल रिसीव नहीं की। निर्माणाधीन क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों ने सड़क ऊंची होने के कारण सड़क को तोड़ने की जानकारी दी।