संकरी सड़कों से नहीं गुजर सकेगी दमकल की गाड़ी, कैसे बुझेगी आग
बिजनौर। गर्मी में आग लगने की संख्या बढ़ रही है। शहर के बाजार में तंग हो चुकी सड़कों की संख्या ज्यादा है। ऐसे में इन इलाकों में चिंगारी भड़क जाए, तो वहां आग पर काबू पाने के लिए फायरब्रिगेड को पहुंचना कठिन रहेगा। जिसकी वजह भीड़ भाड़ और संकरी हो चुकी सड़कें। हैं।
सुबह दस बजे नई बस्ती
शहर में नई बस्ती की सड़क बेहद तंग हैं। इसकी सड़कों से कार तो निकल जाती है, लेकिन बराबर में एक बाइक भी नहीं गुजर सकती। संकरी सडकों के चलते नई बस्ती की तरफ किराएदार भी रुख नहीं करते। इस मोहल्ले में अगर आग लग जाए तो आसानी से काबू नहीं किया जा सकता। क्योंकि दमकल की गाड़ी ही नहीं पहुंच पाएगी। दोनों ही तरफ से कालोनी में बड़े वाहन जाने का रास्ता ही नहीं बचा है।
दोपहर 12 बजे सदर बाजार
बिजनौर के सदर बाजार में अतिक्रमण के चलते दिनभर सड़क पर निकलना मुश्किल रहता है। हालांकि रात में दुकानों के बंद हो जाने से इसी रास्ते से गन्ने से लदी बुग्गियां निकल जाती हैं। अगर दिन में आग लग जाए तो सदर बाजार में दमकल के टैंकर का पहुंचना नामुमकिन ही होगा। संकरी हो चुकी सड़क के चलते अग्निशमन विभाग को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
दोपहर एक बजे मिर्दगान
मोहल्ला मिर्दगान और चाहशीरी में मुख्य सड़कों को छोड़कर सभी गलियां तंग है। इस मोहल्ले की पुरानी कॉलोनी में कार का जाना भी बेहद मुश्किल है। ऐसे में आग की घटना होने पर दमकल विभाग नहीं पहुंच पाएगा। गनीमत है कि इन मोहल्लों में आग की बड़ी घटनाएं नहीं हुई हैं। इन जगहों पर हाईडेंट भी नहीं है, कुछ जगहों पर लगे हैं लेकिन वे सड़कों में दब गए हैं।
तंग हो चुकी सड़कों पर दमकल जाने में दिक्कत होती है। फिर भी पाइप की लंबाई बढ़ाकर काम चला लिया जाता है। हालांकि एक छोटी गाड़ी भी विभाग के पास है। दो बाइक भी हैैं। - अजय कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी