बिजनौर। बिजनौर शहर की चांदनी मार्केट में रविवार की रात दो बजे कपड़ों की दुकान में लगी आग से लाखों का नुकसान हुआ है। दुकान स्वामी में रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मोहल्ला मिर्दगान के इस्माइल की चांदनी मार्केट में कपड़ों की दुकान है। इस दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुआं और आग की लपटों को देख आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। दमकल की टीम भी आग बुझाने के लिए पहुंची। मगर तब तक आग दुकान में रखे सभी कपड़ों और अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। इस्माइल ने बताया कि करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उधर आरोप लगाया कि इस दुकान में साल 1984 से किराएदार हैं। पहले उनके पिता दुकान चलाते थे, अब वह दुकान संचालित कर रहा है। आरोप लगाया कि उनका दुकान मालिक से विवाद चल रहा है। जिसने दुकान खाली कराने के लिए कोर्ट में भी वाद दायर कर रखा था। रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाया। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि दुकान में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।