‘प्रतिभाओं को खोजकर मार्ग दर्शन करें’
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने जिला युवा समन्वयक, नेहरू युवा केन्द्र, नम्रता कौशल से कहा कि वह युवाओं में शिक्षा व खेल प्रतिभाओं को खोजकर उनका उचित मार्ग दर्शन करें, ताकि समाज और देश को उनका लाभ मिल सके।
डीएम ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि नेहरू युवा केंद्र को देशभर में युवा वर्ग को शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में उचित मार्ग दर्शन करके उनकी प्रतिभाओं को उभारना है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा वर्ष 2019-20 के लिए जो विभागीय कार्यक्रमों के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उनका पूर्ण मानक और गुणवत्ता के साथ संचालित करना सुनिश्चित करें ताकि जिले के युवा वर्ग को इसका भरपूर लाभ मिल सके। डीएम द्वारा नेहरू युवा केन्द्र द्वारा संचालित वार्षिक कार्य योजना 2019-20 को अनुमोदन प्रदान किया गया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम न्यायिक, जिला युवा समन्वयक सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
चार दिसंबर को बैठक में भाग लेगी अवनी सिंह
डीएम रमाकांत पांडेय के मुताबिक राज्य महिला आयेाग, मानव अधिकार की सदस्य अवनी सिंह चार दिसंबर को 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महिला जन सुनवाई की बैठक में भाग लेगी।
पांच दिसंबर तक होंगे हज यात्रियों के आन लाइन आवेदन
बिजनौर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के मुताबिक सचिव व कार्यपालक अधिकारी राज्य हज समिति लखनऊ ने हज यात्रा पर जाने के लिए आनलाइन आवेदन करने की तिथि 13 नवंबर से बढ़ाकर पांच दिसंबर कर दी है। उन्होंने बताया कि हजयात्रा पर जाने वाले बिजनौर के ऐसे आवेदक जिनके पासपोर्ट बने हुए हो, वह अपने ऑनलाइन आवेदन हज कमेटी की वेबसाइट पर पांच दिसंबर तक रजिस्टर्ड करा सकते हैं।