कूड़ा निस्तारण के लिए जल्द मिलेगी 10 बीघा जमीन
नजीबाबाद। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने नगरपालिका को कूड़ा निस्तारण की जमीन उपलब्ध कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से चिह्नित 10 बीघा जमीन पांच वर्ष के लिए नगरपालिका परिषद को दी जाएगी।
प्रशासन जल्द ही शासन के निर्देश पर नगरपालिका परिषद नजीबाबाद को कूड़ा निस्तारण के लिए करीब 10 बीघा जमीन उपलब्ध कराएगा। शासन ने नगर निकायों को कूड़ा निस्तारण के लिए अनुदान पर भूमि उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को हाल ही में निर्देश दिए थे।
प्रशासन ने नजीबाबाद के कूड़ा निस्तारण के लिए न्याय पंचायत पर्वतपुर क्षेत्र में करीब 10 बीघा भूमि आबादी से काफी दूर चिह्नित की है। एसडीएम संगीता के निर्देशन में भूमि को नगर निकाय को उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव आदि पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगरपालिका परिषद के ईओ सुरेंद्र प्रताप, राजस्व निरीक्षक विपिन चौहान ने शुक्रवार को कूड़ा निस्तारण की प्रस्तावित जमीन के संबंध में एसडीएम संगीता के साथ विचार विमर्श किया।
किराए की कूड़ा निस्तारण जमीन छोड़ेगी नगरपालिका
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद कूड़ा निस्तारण के लिए अकबरपुर चौगांवा में किराए पर ली गई भूमि को जल्द ही छोड़ देगी। शासन ने किराए की जमीन पर कूड़ा निस्तारण न करके सरकारी जमीन नगर निकायों को अनुदान पर देने की योजना जारी की है। नगरपालिका परिषद द्वारा वर्तमान में 50 हजार रुपए प्रति माह किराए की जमीन पर कूड़ा निस्तारण कर रहा है।