-इस बार यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में 82,563 विद्यार्थी पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए जिले में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जल्द जारी होने की उम्मीद है। जिले में विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए 111 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर विभिन्न 96 आपत्तियां दर्ज हुई थीं। प्रशासन की ओर से गठित टीमों ने इनका निस्तारण कर जांच आख्या माध्यमिक शिक्षा परिषद मुख्यालय को भेज दी है।
जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 82,563 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 44,568 और इंटरमीडिएट के 37,995 परीक्षार्थी शामिल हैं। पिछले शैक्षिक सत्र में जिले में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 111 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई थी। सूची पर ऑनलाइन आपत्तियां मिलने के बाद सभी एसडीएम की अध्यक्षता में टीमों का गठन किया गया था।
टीमों ने संबंधित परीक्षा केंद्रों का विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार की। जांच में कई केंद्रों पर छात्र संख्या अधिक होने, पर्याप्त फर्नीचर की कमी और निर्धारित मानकों के अनुरूप दूरी नहीं होने जैसी खामियां सामने आईं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच आख्या के आधार पर कुछ प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को सूची से हटाया जा सकता है। वहीं, कुछ नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाए जाने की भी संभावना है।
उधर जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि आपत्तियों के आधार पर गठित टीमों ने निरीक्षण कर आख्या मुख्यालय भेज दी है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होने की संभावना है।