आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटा संगठन, नजीबाबाद से नूरपुर तक नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
बिजनौर। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने जिले की आठों विधानसभा सीटों पर विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद बुधवार को जारी सूची में बिजनौर जिले की सभी सीटों पर अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन की इस घोषणा को आगामी चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
घोषित सूची के अनुसार नजीबाबाद विधानसभा का प्रभारी ओमप्रकाश गोला, नगीना (सुरक्षित) का महेंद्र प्रजापति, बढ़ापुर का सतीश अग्रवाल और धामपुर का चंद्रभान भाटी को बनाया गया है। इसी तरह नहटौर (सुरक्षित) की जिम्मेदारी पूरनलाल सैनी, बिजनौर की विकास पंवार, चांदपुर की डॉ. ऋषिपाल नागर और नूरपुर विधानसभा की जिम्मेदारी युधवीर सिंह को सौंपी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बॉबी ने बताया कि पार्टी हाई कमान की ओर से विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी की गई है। पार्टी संगठन के स्तर पर प्रभारियों के माध्यम से विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की रणनीति है।