स्योहारा में चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट
स्योहारा। मतगणना के बाद से ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी रंजिश में हो रहे विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गांव अनीशा नंगली में चुनावी रंजिश में एक महिला की मौत के बाद भी लोग शांत नहीं हुए हैं। गांव किवाड़ में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हुई।
किवाड़ के हाजी इकरामुद्दीन व फुरकान के बीच प्रत्याशी की हार जीत को लेकर बहस हो गई जो बाद में मारपीट में बदल गई। गांव में गश्त कर रहे पुलिस उप निरीक्षक सहसपुर चौकी प्रभारी गंगाराम ने पुलिसकर्मियों के साथ हालात पर काबू पाया। पुलिस ने फुरकान, इसरार, मोहम्मद सुहैल, फरहान, हाजी इकरामुद्दीन का शांति भंग में चालान कर दिया। दूसरी ओर गांव अकबरपुर आशा उर्फ हरौली में जीत का जश्न मना रहे प्रधान पति समर्थकों ने पराजित हुए पूर्व प्रधान के बैनर पोस्टर फाड़े। बैनर पोस्टर पर स्याही से अभद्र भाषा प्रयोग किया। जिसको लेकर गांव में तनाव फैल गया।
हरौली के पूर्व प्रधान अलीमुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद के लिए खड़ा हुआ था। मुकाबले में निजामुद्दीन की पत्नी जरीना ने जीत हासिल की। जीत की खुशी मनाते हुए प्रधान पति निजामुद्दीन ने ढोल बजाकर गांव में विजयी जुलूस निकाला। इन्होंने व समर्थकों ने कोविड-19 नियम का पालन भी नहीं किया और बिना सोशल डिस्टेंसिंग के जलूस निकाला। प्रधान पति समर्थकों ने अलीमुद्दीन के बैनर पोस्टर फाड़ दिए तथा बैनर पर स्याही से अभद्र भाषा लिख दी। तहरीर में पूर्व प्रधान अलीमुद्दीन ने मानहानि का आरोप लगाते हुए पांच लाख के मुआवजा की मांग भी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।