बिजनौर/बेगावाला। बेगावाला क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाकरपुर गढ़ी में स्थित किसान सहकारी समिति खानजहांपुर बहादर-बाकरपुर गढ़ी में किसानों को खाद समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें निजी दुकानों से महंगे दाम पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने समिति का संचालन भी समय से नहीं होने का आरोप लगाया है।
मंगलवार की सुबह रावली निवासी प्रह्लाद, एडवोकेट सुबोध, गंभीर और भगत सिंह साढ़े दस बजे समिति पर पहुंचे तो उन्होंने समिति का गेट बंद मिला। उन्होंने खाद वितरित करने वाले लिपिक को फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह 12 बजे के बाद आएगा। उन्होंने बताया कि समिति का ताला रोजाना 12 बजे के बाद खुलता है और समय से पहले बंद हो जाता है। किसानों ने समिति सचिव पर भी खाद न देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि किसी किसान को ज्यादा तो किसी को एक भी कट्टा खाद नहीं दी जाती। समिति के सचिव जगदीश सिंह ने बताया कि समिति के गोदाम में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों की शिकायत है तो इसे दिखवाया जाएगा।