चांदपुर के भगवंत पब्लिक स्कूल आजादी के अमृत महोत्सव सप्ताह कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करते ?
- फोटो : BIJNOR
देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों से मन मोहा
बिजनौर। भगवंत पब्लिक स्कूल में महान स्वतंत्रता सेनानी राजा महेंद्र प्रताप सिंह के प्रपौत्र कुंवर चरत प्रताप का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों के वंशजों को सम्मानित किया गया।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हुए कार्यक्रम में कुंवर चरत प्रताप सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों और समाज सेवा से जुड़े लोगों को सम्मानित किया। निलाक्षी, जारा, खुशी चौधरी, सृष्टि राठी विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता, गीत आदि प्रस्तुत कीं। चरत प्रताप सिंह ने देश पर मर मिटने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए देश की सेवा के लिए तत्पर रहने और देश के लिए तन, मन, धन समर्पित करने को हर समय तैयार रहने का संदेश दिया। आरएसएस के संघचालक महेश ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में सर्वस्व न्यौछावर करने वालों को याद रखना हमारा कर्तव्य है। ग्रुप चेयरमैन डॉ.अनिल सिंह ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप ने कई देशों में घूमकर भारत की स्थिति मजबूत की और कई अविस्मरणीय कार्य किए। इससे पहले उन्होंने आंबेडकर चौक पर डा.भीमराव आंबेडकर और चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पाहुली गांव में चुन्नी लाल के घर जाकर चाय पी। इस दौरान जिला संघचालक देवेंद्र व स्टाफ मौजूद रहा।