15 दिसंबर को अधिकारियों का घेराव करेंगे किसान
नजीबाबाद। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान सहित कई मांगों को लेकर किसानों ने बैठक की। भाकियू टिकैत ग्रुप के किसानों ने क्षेत्रीय मांगों को लेकर 15 दिसंबर को तहसील में प्रदर्शन के साथ अधिकारियों का घेराव करने का निर्णय लिया।
भाकियू टिकैत ग्रुप के किसानों ने लोनिवि निरीक्षण भवन में चौ. रूकन सिंह की अध्यक्षता में बैठक की। किसानों ने प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों पर किसानों की मांगों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया। किसानों ने सर्वसम्मति से 15 दिसंबर को तहसील परिसर में पंचायत में किसानों के लंबित मुद्दों के निस्तारण के लिए अधिकारियों का घेराव करने का निर्णय लिया। मांग में बकाया गन्ना मूल्य तत्काल भुगतान कराने, खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत कराने, किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने, बीज, खाद और बिजली के दामों में बढ़ोत्तरी वापस लेने की शामिल हैं।
बैठक में पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष चौ. बलराम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष कुलवीर सिंह, विजय सिंह तोमर, सुनील चौधरी, विनोद परमार, भोपाल राठी, प्रशांत चौधरी, भोपाल सिंह, नीटू चौधरी, गजेंद्र पंवार, प्रीतम सिंह आदि शामिल रहे।