स्योहारा में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार और मिल प्रबंधन मिलकर किसानों का शोषण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान को उसका हक दिलाने तक भाकियू चुप नहीं बैठेगी और किसानों के लिए आंदोलन करेगी।
गांव जटनंगला मेें वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे बलवंत सिंह की तेरहवीं में शामिल होने आए राकेश टिकैत ने कहा कि राजनीतिक दल अपने निजी स्वार्थ के लिए किसानों का शोषण कर रहे हैं। कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गन्ने का भी प्रीमियम किसान को भरना होगा। प्रीमियम किसान भरे या सरकार, फायदा तो निजी कंपनियों को होगा। उन्होंने कहा कि गन्ने की प्रजाति को रिजेक्ट बताकर लौटाने से लेकर बकाया भुगतान तक किसान उत्पीड़न का शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी साल में ही किसान याद आते हैं।
उन्हाेंने कहा कि अगर दस अगस्त तक किसानों को ब्याज सहित गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो 11 अगस्त से उत्तम शुगर मिल पर आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन में ही सरकार से एग्रीमेंट होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तो ठीक हैं, लेकिन उनके चारों ओर जमा नेता लूट खसोट में लगे हैं।
टिकैत ने कहा कि किसान अपने साथ हाे रही ज्यादती काे समझने लगे हैं। इसलिए लंबे समय तक उनका उत्पीड़न नहीं किया जा सकता है आैर न ही यह किसी सूरत में होने दिया जाएगा। इसलिए राजनैतिक दल सतर्क रहें। किसानों को हल्का न समझें।
इस दौरान बलवंत सिंह के बेटे योगेंद्र सिंह को संगठन की टोपी पहनाकर सक्रिय कार्यकर्ता बनाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ठाकुर उन्हें किसान हित में काम करने के लिए कहा गया। इस मौके पर रामौतार सिंह, देशराज सिंह, पृथ्वी सिंह, बुध सिंह प्रजापति आदि मौजूद रहे।
किसान बीमा धनराशि काटने का करेंगे विरोध
नजीबाबाद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों से जबरन बीमा धनराशि काटने का भाकियू भानु गुट ने विरोध किया। चेतावनी दी गई कि ऐसा होने पर सहकारी समितियों में कामकाज नहीं होने दिया जाएगा।
भाकियू भानु गुट के जिलाध्यक्ष चौधरी विजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को तहसीलदार से मिला। उन्हें बताया गया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना स्वैच्छिक है। इसमें मनमानी की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि फसल बीमा न कराने वाले किसानों से बीमा की धनराशि जबरन काटी गई, तो भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ता सहकारी समिति में काम नहीं होने देंगे। चौधरी विजय सिंह ने कहा कि 20 अगस्त को कलक्ट्रेट में विरोध-प्रदर्शन कर सहकारी समिति के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने चीनी मिलों से किसानों का समस्त गन्ना मूल्य भुगतान करने, आगामी पेराई सत्र में गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, नांगल-चंदक नहर पटरी मार्ग का पक्का निर्माण कराने, शोषण बंद करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव वीर सिंह, कोमल सिंह, पदम सिंह, मुश्ताक, बंटी, सत्यपाल, डोरी पहलवान, रामकुमार, विजय पहलवान, उस्मान, टल्ली के अलावा अन्य क्षेत्रों से आए किसान शामिल रहे।