मंडावर क्षेत्र के ग्राम कुंदनपुर टीप में कटान करती गंगा।
- फोटो : अमर उजाला
बेगावाला में पानी कम होने के बाद अब गंगा की धारा फिर से खादर क्षेत्र में कटान करने लगी है। गांव कुंदनपुर के पास बना तटबंध भी गंगा के तेज थपेड़े सह नहीं पहा रहा है। गंगा की धारा के रुख की ओर ही पत्थर बहने और सरकने शुरू हो गए हैं। कोहरपुर और राजारामपुर के पास भी कटान शुरू हो गया है। गांव रावली में अभी भी गंगा और मालन का पानी भरा है। कटान से तटीय गांव वालों में बेचैनी है।
गंगा का जलस्तर कम होने के बाद ही गंगा की तेज धारा किसानों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाती है। गंगा की तेज धारा ने गांव कुंदनपुर के पास बीते साल ही बनाए गए तटबंध के पत्थरों को अपनी धारा की दिशा में ही बहा दिया है। तटबंध का आकार ढालदार हो गया है। गांव वालों वीरेंद्र कुमार, राजवीर सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, छोटे सिंह आदि के अनुसार यह स्टड पिछले साल ही बना था। गांव वालों के अनुसार तटबंध में छोटे पत्थर लगाए जाने से वे गंगा की धारा के प्रभाव में एकदम आ रहे हैं। उनके अनुसार अगर तटबंध बह गया तो फिर गंगा सीधे गांव की ओर कटान करना शुरू कर देगी। राजारामपुर व कोहरपुर के बीच भी गंगा कटान कर रही है। गांव रावली में गंगा और मालन का पानी अभी भी भरा हुआ है। पानी भरने से गांव वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तहसीलदार पंकज दीक्षित के अनुसार हर गांव में राजस्व कर्मचारी नजर रखे हैं। कुंदनपुर के पास तटबंध की स्थिति के बारे में भी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। सिंचाई विभाग के एक्सईएन डा.आरके शर्मा के अनुसार उन्होंने गांव कुंदनपुर के पास बने तटबंध का निरीक्षण किया है। तटबंध एकदम ठीक है।