संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में बढ़ते गुलदार के हमलों से आक्रोशित किसानों ने बुधवार को डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। गुस्साए किसानों ने डीएफओ कार्यालय में कुत्ता बांध दिया। आंदोलित किसानों ने कहा कि गुलदार के हमले से अब तो न इंसान सुरक्षित है और न ही कुत्ते सुरक्षित हैं।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही के नेतृत्व में अनेक किसान ट्रैक्टरों से बुधवार को डीएफओ कार्यालय बिजनौर पहुंचे। यहां उन्हाेंने प्रदर्शन कर धरना दिया। धरने पर जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही ने कहा कि जिले में गुलदार आतंक का पर्याय बन गए हैं। गुलदार ने पिछले एक सप्ताह में तीन बच्चों को हमला कर मार दिया है। गुलदार के हमले से गुस्साए किसानों ने डीएफओ आफिस में उनके कक्ष के बाहर कुत्ता बांधकर दिया। कार्यालय में कुत्ता बांधने से वहां स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा। डर के मारे कर्मचारी, अधिकारी अपने कक्षों में ही रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बृहस्पतिवार को नजीबाबाद डीएफओ कार्यालय पर भी प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। कहा कि गुलदार ने गत मंगलवार शाम गांव मथुरापुर मोर निवासी रवि के 8 वर्षीय पुत्र हर्षित को हमला कर मार दिया।
आरोप है कि डीएफओ न तो किसानों से संपर्क कर रहे हैं और न ही अभी तक एक भी घटना पर मौके पर गए हैं। फोन तक नहीं उठा रहे हैं। अब किसान धरने से नहीं उठेंगे। युवा प्रदेशाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि गुलदार के हमले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब गांव में न किसान सुरक्षित है ना ही किसानों के पशु। वन विभाग में डीएफओ को चैन से नहीं बैठने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जिला मुख्यालय पर 10 हजार किसानों की पंचायत की जाएंगी। धरने में अतुल कुमार बालियान, गौरव कुमार, कपिल, डैनी, रिंकू, हुकम सिंह, जफर, महल सिंह, शुभम, धर्मेंद्र, अमित आदि मौजूद रहे।
बिजनौर में डीएफओ कार्यालय पर धरने पर बैठे भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ता। संवाद