नूरपुर में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली
नूरपूर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकालकर कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।
बुधवार शाम तीन बजे भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व में किसानों ने कृषि कानून के विरोध में ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में 30 से अधिक ट्रैक्टरों पर किसानों ने नारेबाजी करते हुए किसान विरोधी कानूनों को वापस लेने की मांग की। ट्रैक्टर मार्च ग्राम हंसुपुरा से शुरू होकर शिव मंदिर चौक, रोडवेज बस स्टैंड, शहीद तिराहे व ब्लॉक मोड़ से होते हुए रिलायंस पेट्रोल पंप पर जाकर संपन्न हुआ।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर भारतीय किसान यूनियन दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालकर सरकार से तीनों कृषि कानून वापस लेने का दबाव बनाएगी। इस मौके पर लक्ष्मीकांत शर्मा, मोनू चौधरी, महेश कुमार, समरपाल, नरेश कुमार, नन्हे सिंह, नौशाद अहमद, रूप सिंह, सचिन कुमार, चमन सिंह, अनुज कुमार, उत्तम सिंह आदि मौजूद रहे।
राकिमसं ने ट्रैक्टर रैली निकाली
चांदपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर में ट्रैक्टर रैली निकालकर तीन कृषि कानून के विरोध में लोगों को जागरूक किया।
बुधवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता अपने ट्रैक्टर लेकर तहसील पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने तीन कृषि कानून के विरोध में नारेबाजी की। कृषि कानून को किसान विरोधी बताया। उसके बाद नगर के किसान जागरूकता ट्रैक्टर रैली निकाली।
ट्रैक्टर रैली तहसील से शुरू होकर स्याऊ-चांदपुर रोड, बाजार बजरिया, शंकर मूर्ति, ढाली बाजार, नेहरू चौक, आंबेडकर चौक होते हुए चौधरी चरण सिंह चौक पर संपन्न हुई। रैली में संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू, तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला महासचिव वेद प्रकाश, तहसील प्रभारी ब्रजपाल सिंह, सुनील कुमार, नरेंद्र सिंह, कपिल राणा, राकेश, हर गुलाल सिंह, भूपेंद्र, अजीत सिंह, अमित, सोम सिंह आदि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के चलते ट्रैक्टर रैली के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।
ट्रैक्टर रैली निकालने का निर्णय
हल्दौर। हल्दौर के गांव सुल्तानपुर में हुई राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की पंचायत में किसानों से दिल्ली में ट्रैक्टर ट्राली से भारी तादाद में पहुंचकर सरकार से अपनी मांगों को मनाए जाने के लिए प्रदर्शन करने की अपील की गई।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की एक पंचायत बुधवार की दोपहर गांव सुल्तानपुर में ध्यान सिंह की बैठक पर हुई। पंचायत में केंद्र सरकार द्वारा जारी किसान विरोधी नए तीनों बिलों को वापिस लेने व 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालने को लेकर अपने क्षेत्र से दिल्ली कूच करने के लिए किसानों ने रणनीति बनाई। बैठक में संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि 23 जनवरी को हल्दौर ब्लॉक से पांच दर्जन से अधिक ट्रैक्टर ट्रालियों सहित सैकड़ों की संख्या में किसान खाने पीने की सामग्री के साथ दिल्ली के लिए कूच करेंगे। बैठक का संचालन ठाकुर नरेंद्र सिंह ने किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कुम्हारपुरा, गढ़ी, खैराबाद, शाहनगर आदि अनेक गांवों के किसानों से संपर्क किया। इस अवसर पर इंद्राज सिंह, डॉ अशोक, कुलदीप राणा, हितेंद्र चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, पतराम सिंह, जयवीर, राकेश कुमार आदि अनेक किसान मौजूद रहे।