संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। बिजली की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत ने एक्सईएन कार्यालय पर धरना दिया। किसानों ने तीन साल से एक ही कार्यालय पर तैनात जेई और लाइनमैन का स्थानांतरण की मांग की।
संगठन के जिला महामंत्री जितेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान एक्सईएन कार्यालय पर पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। किसानों का कहना था कि खाईखेड़ी में आबादी क्षेत्र से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन को विस्थापित किया जाए। आबादी क्षेत्र से विद्युत लाइन गुजरने से हादसे का अंदेशा है। किसानों का कहना है कि आवेदन करने के बाद भी बिना रिश्वत के ग्रामीणों को कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। हाल ही गांव कल्हेड़ी निवासी सुरेंद्र पाल सिंह ने चार बाद आवेदन किया, लेकिन जेई ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने तीन साल से एक ही क्षेत्र में तैनात जेई और लाइनमैन का स्थानांतरण करने, ग्रामीण उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने, आदर्शनगर बिजली घर पर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं के लिए पानी की व्यवस्था कराने सहित कई मांगें धरने पर उठाई।
धरने पर अधिशासी अभियंता रामकुमार किसानों के बीच पहुंचे, लेकिन किसानों और एक्सईएन की वार्ता विफल रही। किसानों का धरना देर शाम तक जारी रहा।
धरने पर तहसील अध्यक्ष सतपाल शर्मा, विकास चौधरी, शहजाद मलिक, सुधीर चौधरी, कृष्णा कुमार, सूरज कुमार, मो.आमिर, शादाब, चौ.जगबीर सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, विनीत चौधरी, कपिल देव आदि लोग उपस्थित रहे।